उत्तरकाशी : सलखों के पीछे पहुचा DDO विमल कुमार, महिला JE से की थी छेड़छाड़

पुरोला : उत्तरकाशी जिले के पुरोला के खंड विकास कार्यालय में महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न के आरोपी DDO विमल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ यदि अन्य कोई शिकायत पाई जाती है तो उस पर भी एक्शन लिया जाएगा।

मंगलवार को पुरोला ब्लॉक कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी ने थाना पुरोला में अपनी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें महिला कर्मचारी ने DDO पर छेड़खानी व अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। महिला कर्मी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि डीडीओ ने ट्रांसफर को लेकर उसे पहले लोनिवि के गेस्ट हाउस में बुलाया। जहां आरोपी ने उसके साथ अमर्यादित व्यवहार करने का दबाव डाला।

इसका विरोध किया तो आरोपी ने जबरन छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला कर्मी किसी तरह वहां से भागने में सफल हुई। तहरीर पर पुलिस ने देर शाम आठ बजे आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। वहीं क्षेत्रीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने देर रात को ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे सात दिन की न्यायायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

खंड कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी के साथ डीडीओ द्वारा की गई अश्लील हरकत पर स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। आक्रोशित रामा सिराईं, कमल सिरांई क्षेत्र के ग्रामीण पुरोला मुख्य बाजार स्थित पुलिस चौकी पहुंचे। जहां पर सभी ग्रामीणों ने आरोपित डीडीओ विमल कुमार को जनता के हवाले करने व तत्काल जेल भेजने के साथ ही जिला बदर व बर्खास्तगी की मांग की। मामले को बढ़ता देख सीओ बड़कोट अनुज थानाध्यक्ष बड़कोट सिंह व थानाध्यक्ष पुरोला प्रदीप तोमर चौकी पहुंचे।

शेयर करें !
posted on : August 25, 2021 6:25 pm
error: Content is protected !!