उत्तराखंड : वंदना और नीरज चोपड़ा के नाम से मुफ्त में मिल रहा बहुत कुछ, आप भी उठाएं फायदा

हरिद्वार: टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा और वंदना कटारिया ने भारत को मेडल क्या दिलाया उनके नाम के लोगों की चांदी हो गई। टोक्यो ओलंपिक की हॉकी स्टार वंदना कटारिया और गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के सम्मान में हरिद्वार में उषा ब्रेको कंपनी ने नई पहल की है।

कंपनी ने घोषणा की है कि वंदना और नीरज नाम के यात्रियों से 11 से 22 अगस्त तक रोपवे से चंडी देवी मंदिर की यात्रा करने पर कोई किराया नहीं लिया जाएगा। कंपनी के ऑफर के अनुसार नीरज और वंदना नाम के लोगों को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।

इस आधार कार्ड में लड़कों या आदमियों का नाम नीरज होना चाहिए। लड़कियों या महिलाओं का नाम वंदना होना चाहिए। इन नाम वालों को बिल्कुल फ्री में रोपवे से यात्रा कराकर मां चंडी देवी के दरबार पहुंचाया जाएगा।

पवित्र शहर हरिद्वार में स्थित चंडी देवी मंदिर हिमालय की दक्षिणी पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के पूर्वी शिखर पर मौजूद नील पर्वत के ऊपर स्थित है। मंदिर तक करीब छह किलोमीटर पर्वत का सफर करने के लिए रोपवे का संचालन किया जाता है।

भारत के प्राचीन मंदिरों में से एक चंडी देवी मंदिर 52 शक्तिपीठों में शामिल है। चंडी देवी मंदिर का निर्माण 1929 में कश्मीर के राजा सुचात सिंह ने करवाया था। मंदिर में स्थित चंडी देवी की मुख्य मूर्ति की स्थापना 8वीं शताब्दी में आदि गुरु शंकराचार्य ने की थी।

रोपवे का संचालन करने वाली उषा ब्रेको लिमिटेड कंपनी प्रबंधन ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में नीरज चोपड़ा की ओर से गोल्ड मेडल जीतने और गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने वाली रोशनाबाद गांव की बेटी वंदना कटारिया के सम्मान में ये पहल की है।

वहीं, देशभर के कई जगहों पर भी ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में तरह-तरह से अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। नीरज नाम वालों को जूनागढ़ के गिरनार रोपवे में मुफ्त सफर करने को मिलेगा।

भरूच के एक पेट्रोल पंप मालिक ने 501 रुपये का पेट्रोल पंप मुफ्त देने का एलान किया है। अंकलेश्‍वर के एक नामी सैलून मालिक ने नीरज नाम वालों की कटिंग, शेविंग मुफ्त करने की घोषणा की है।

शेयर करें !
posted on : August 10, 2021 9:22 pm
error: Content is protected !!