उत्तराखंड : CM ने पर्वतारोही का किया सम्मान, मनीष के नाम दर्ज हैं कई उपलब्धियां

देहरादून : CM पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय में पिथौरागढ़ के पर्वतारोही मनीष कसनियाल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मनीष को एवरेस्ट चोटी पर तिरंगा फहराने की उपलब्धि पर बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मनीष कसनियाल ने 1 जून 2021 को विश्व की सबसे ऊची चोटी एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया।

110 युवा पर्वतारोहियों का चयन
IMF के मिशन मैसिफ के तहत मनीष अपनी टीम साथी सिक्किम की सुश्री सुनीता प्रधान के साथ माउंट एवरेस्ट पर पहुंचे। एवरेस्ट मेसिफ अभियान के लिए वर्ष 2019 में देशभर से 110 युवा पर्वतारोहियों का चयन किया गया। मनीष ने कड़ी मेहनत के बाद अंतिम 12 की टीम में एवरेस्ट फतह करने के लिए जगह बनाई। इस अभियान के तहत 12 सदस्य चार समूहों में 8848 मीटर ऊंचे एवरेस्ट, 8516 मीटर ऊंचे ल्होत्से, 7864 मीटर ऊंचे पुमौरी, 7161 मीटर ऊंचे नुपसे पर्वत को एक साथ फतह करने निकले थे।

एक दर्जन से अधिक पर्वत मालाएं
त्रिशूल, गंगोत्री तृतीय, बलजोरी, लामचीर, बीसी रॉय आदि एक दर्जन से अधिक पर्वत मालाएं वर्ष 2017, 18, 19 में फतह हुईं हैं। वर्ष 2018 में मनीष और ब्रिटिश पर्वतारोही जॉन जेम्स कुक ने 5782 मीटर ऊंची मुनस्यारी की चोटी नंदा लपाक को पश्चिमी छोर से फतह किया था। इस अभियान में उन्हें एक सप्ताह लगा था।

त्रिशूल और लद्दाख में स्टोक कांगड़ी तक
वह गढ़वाल में त्रिशूल और लद्दाख में स्टोक कांगड़ी तक गए। इसके लिए मनीष को दो बार राज्यपाल पुरस्कार और राज्य स्वच्छता गौरव सम्मान भी मिल चुका है। मनीष की पहल पर ही आइस संस्था ने भुरमुनी में पहली बार वॉटर फॉल रैपलिंग की शुरुआत की थी। मनीष बिर्थी में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए हुई आइस संस्था की वॉटरफॉल रैपलिंग में भी शामिल रहे हैं।

शेयर करें !
posted on : August 3, 2021 5:01 pm
error: Content is protected !!