उत्तराखंड: बेकाबू स्कार्पियो यात्री प्रतीक्षालय में घुसी, एक की मौत, अन्य घायल

झबरेड़ा: उत्तराखंड के रुड़की में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे के बाद कार यात्री प्रतीक्षालय में घुस गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी पंकज और दीपक गुरुवार दोपहर बाइक से फाजिलपुर तिराहे पर सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। दोनों को रौंदते हुए स्कार्पियो सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में घुस गई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री प्रतीक्षालय का भवन लेंटर समेत ढह गया।

वहीं हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत यह रही कि, हादसे के दौरान यात्री प्रतीक्षालय में कोई नहीं था। हादसे में घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पंकज निवासी धर्मपुर, थाना झबरेड़ा को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल दीपक को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि, पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लिया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

शेयर करें !
posted on : December 9, 2021 11:08 pm
error: Content is protected !!