उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन, लगातार 8 बार जीते थे चुनाव

देहरादून: भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का निधन हो गया है। देहरादून की कैंट विधानसभा से विधायक कपूर ने बीती रात सोते समय अंतिम सांस ली। मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे। रविवार को भी उन्होंने विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किया। रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंद्रा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे।

75 वर्षीय विधायक हरबंस कपूर अपने सहज व सरल स्वभाव के लिए मशहूर थे। हरबंस कपूर उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी विधायक रहे। वे लगातार आठ बार विधायक चुने गए। इससे जनता के बीच उनकी पकड़ का भी अंदाजा लगाया जा सकता है।वह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री भी रह चुके हैं।

तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, “बहुत ही दुःखद समाचार है। मेरे मार्गदर्शक वरिष्ठ विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर जी अब हमारे बीच नही रहे। भगवान उन्हें अपने चरणों मे स्थान दें, तथा परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शान्ति।”

वहीं रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने लिखा कि, “मेरे प्रेरणा स्रोत, बड़े भाई, सहयोगी, वरिष्टम विधायक एवं भाजपा देहरादून के सबसे मजबूत स्तम्भ माननीय विधायक गड़ी कैन्ट आदरणीय Harbans Kapoor जी का आज प्रातः स्वर्गवास हो गया । मृत्यु सत्य है और शरीर नश्वर हैं, यह जानते हुए भी अपनों के जाने का दुःख होता हैं । ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और मोक्ष प्रदान करें।”

शेयर करें !
posted on : December 13, 2021 9:13 am
error: Content is protected !!