दुल्हन लेने आई थी बारात, दूल्हे ने मांगी बाइक, दुल्हन ने कहा मैं नहीं जाऊंगी

रुड़की: मामला रुड़की का है। दूल्हे को बाइक मांगनी महंगी पड़ गईं। दहेज मांगने पर दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। इसको लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर नोंक-झोंक भी हुई। मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उससे पहले गांव में दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत हुई, लेकिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। बाद में बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। कलियर थाना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी एक युवती का रिश्ता सहारनपुर के युवक से तय हुआ था।

घटना मंगलवार की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार दूल्हा समेत दस लोग बरात लेकर गांव पहुंचे थे। इस दौरान निकाह की रस्म हो रही थी। आरोप है कि सबकुछ ठीक-ठाक निपटने के बाद दूल्हे ने रस्म के बीच में ही दहेज में बाइक की मांग कर दी। इस पर दुल्हन पक्ष गुस्सा हो गया। बात डिमांड तक ही नहीं रुकी, दूल्हा दहेज में बाइक मिलने पर ही निकाह की रस्म करने की जिद पर अड़ गया। इससे नाराज दुल्हन पक्ष और ग्रामीणों ने दूल्हे समेत पूरी बरात को बंधक बना लिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में गहमागहमी और हाथापाई हो गई।

पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के लोगों की समझौते को लेकर पंचायत हुई। बाद में दूल्हा बिना बाइक के ही निकाह करने को राजी हो गया, लेकिन दुल्हन ने शादी के लिए साफ इनकार कर दिया। काफी देर तक समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन दुल्हन और उसके परिजनों ने उसे साथ भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन लिए ही वापस सहारनपुर लौट गई। पुलिस की मानें तो दुल्हन ने बरात के साथ जाने से इनकार कर दिया। दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष को शादी के दौरान जो खर्च हुआ है, उसे देने का वादा किया है। इसके बाद बरात वापस लौट गई।

 

शेयर करें !
posted on : August 20, 2020 3:58 pm
error: Content is protected !!