कौन होगा कांग्रेस का कप्तान…? इन तीन नामों की चर्चा

  • कौन होगा कांग्रेस का कप्तान, प्रकाश, प्रदीप या किशोर…?

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद कांग्रेस में उथल-पुथल मची हुई है। कांग्रेस अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि इंदिरा की जगह कौन लेगा। जहां तक चर्चाओं की बात है, उन चर्चाओं में वर्तमान अध्यक्ष प्रीतम सिंह का नाम नेता प्रतिपक्ष के लिए तय माना जा रहा है। हालांकि उप नेता सदन करण महारा इस पद के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।

कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को बदलें जाने की चर्चाओं के बीच कुछ नाम प्रदेश अध्यक्ष के लिए तेजी से उभर कर सामने आए हैं। अब उन नामों की चर्चा कर लेते हैं।पहला नाम कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश जोशी का है। प्रकाश जोशी को प्रदेश अध्यक्ष के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

लेकिन, उनके पक्ष में जहां जातीय समीकरण के अनुसार उनका ब्राह्मण होना मजबूत पक्ष है। वहीं, उनकी कमजोरी यह है कि कांग्रेस के कई नेता उनका विरोध कर रहे हैं, जिनमें हरीश रावत का नाम भी लिया जा रहा है।

दूसरा चेहरा प्रदीप टम्टा का हो सकता है। प्रदीप टम्टा वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और जल्द ही उनका कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। ऐसे में उनको संगठन की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

जहां तक जातीय समीकरण की बात है कांग्रेस उनके चेहरे को आगे कर दलित वोटों को साधना चाहेगी। खास बात यह है कि प्रदीप टम्टा को हरीश रावत का भी पूरा समर्थन हासिल है और हरदा उनकी मजबूत पैरवी भी कर रहे हैं।

तीसरा नाम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का है। किशोर उपाध्याय पिछले लंबे समय से उत्तराखंड कांग्रेस संगठन से किनारे-किनारे अपनी ही चाल में चल रहे थे। लेकिन, इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद से अचानक वो लाइमलाइट में आ गए।

प्रदेश अध्यक्ष के लिए उनकी दावेदारी के मजबूत होने के पक्ष में जातीय समीकरण के अनुसार उनका ब्राह्मण नेता होना पहला है। जबकि 10 जनपथ में उनकी मजबूत पकड़ उनके पक्ष में जा सकती है। ऐसे उनको मजबूत माना जा रहा है।

हालांकि यह कांग्रेस संगठन को तय करना है कि उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में क्या बदलाव किया जाना है। प्रीतम सिंह को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाता है या फिर करण माहरा को ही प्रमोट कर नेता प्रतिपक्ष बनाया जाएगा और चुनाव तक प्रीतम सिंह को ही प्रदेश अध्यक्ष बनाकर रखा जाए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं की यह राय है कि किसी नए चेहरे के साथ चुनावी मैदान में जाना चाहिए। यह चेहरा केवल संगठन का चेहरा होगा। माना जा रहा है कि कांग्रेस आज या कल तक उत्तराखंड संगठन और नेता विपक्ष को लेकर कोई फैसला लेकर उसका ऐलान कर देगी।

शेयर करें !
posted on : June 27, 2021 12:02 pm
error: Content is protected !!