उत्तराखंड: कांग्रेस के मंथन से निकले गणेश गोदियाल!

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पिछले कई दिनों से दिल्ली में मंथन चल रहा था। ऐसा मंथन जिसका इंतजार कांग्रेस कार्यकर्ता तो कर ही रहे थे। भाजपा और आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस के फैसले के इंतजार में थे। कांग्रेस को राज्य में भाजपा की ओर से सीएम को चेहरा बदले जाने के बाद अपनी रणनीति बनाने का वक्त तो मिला था।

लेकिन, कांग्रेस उस रणनीतिक लाभ के बाद भी जल्द फैसला नहीं कर पाई और करीब महीनेभर का दिल्ली में महामंथन चला। उस महामंथन से गणेश गोदियाल का नाम फाइनल बताया जा रहा है। उनके चार और कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए जाने की बात सामने आ रही है। कांग्रेस की मानें तो क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को साधने की रणनीति है। लेकिन, जानकारों की मानें तो यह कांग्रेस की बगावत को थामने की नीति है।

कांग्रेस ने गणेश गोदियाल को ब्राहमण चेहरे के रूप में पेश किया है। अब देखना होगा कि कांग्रेस का युवा प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा के युवा मुख्यमंत्री में कौन किस पर भारी पड़ता है। कांग्रेस की नई टीम युवाओं को अधिक तरजीह दी जा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो युवाओं के बीच कांग्रेस अच्छी पैठ बनाकर 2022 की जंग को अपने लिए कुछ आसान बना सकती है। फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

शेयर करें !
posted on : July 22, 2021 6:44 pm
error: Content is protected !!