Big Breaking : उत्तराखंड में #BirdFlu की दस्तक, रेड अलर्ट

देहरादून: कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं अब उत्तराखंड में भी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। मृत मिले कौओं के दो सैंपलों की जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें एक सैंपल देहरादून और दूसरा कोटद्वार का है। जिसके बाद वन विभाग ने पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

वन विभाग ने मृत मिले आठ कौओं के सैंपल जांच के लिए भोपाल की फॉरेंसिक लैब भेजे थे। राज्यभर में अभी तक पोल्ट्री फार्म से मुर्गियों के मरने का कोई मामला सामने नहीं आया है।

जनसामान्य के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है। इस बीच प्रदेश में परिंदों के मृत मिलने का सिलसिला जारी है। सोमवार को 127 पक्षी विभिन्न स्थानों पर मृत मिले। इसके साथ ही अब तक उत्तराखंड में करीब 700 पक्षी मृत मिल चुके हैं।

लोगों से अपील की गई है कि कहीं भी पक्षी मृत मिलने पर न तो उसे छुएं और न ही उसे दफन करने या जलाने की कोशिश करें, बल्कि वन विभाग को इसकी जानकारी दें। वन विभाग की टीम ही मृत्त पक्षी का सैंपल लेगी और उसे जगह से हटाएगी।

प्रदेश के स्तर पर अपर प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह तय कर दिया गया है कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल वन संरक्षकों की ओर से हर दिन शाम छह बजे तक नोडल अधिकारी को जानकारी दी जाएगी।

वनमंत्री हरक सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और शाम तक पूरे प्रदेश के सभी वन अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश जारी करने को कहा। प्रमुख वन संरक्षक की ओर से देर शाम तक आदेश जारी कर दिए गए थे।

शेयर करें !
posted on : January 11, 2021 6:33 pm
error: Content is protected !!