उत्तराखंड ब्रेकिंग: यहां नदी में बहा ग्रामीण, 7 किलोमीटर दूर मिला शव

अल्मोड़ा: पहाड़ों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भूस्खलन के चलते सड़कें बंद हैं। आवाजाही ठप है। नदियां और नाले उफान पर हैं। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे ब्लॉक के विनोद नदी में नदी पार करते हुए एक ग्रामीण बह गया। बताया जा रहा है कि उनका शव करीब 7 किलोमीटर दूर मिला है।

यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम कैहड़ निवासी भगवत प्रसाद (51) अपने साथियों के साथ बाजार से घर को लौट रहा था। शाम करीब 7 बजे वह और उसके साथी एक दूसरे का हाथ पकड़कर विनोद नदी पार कर रहे थे।

इस बीच भगवत का हाथ छूट गया। वह नदी में बह गया। उसके साथियों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया। वह उसको नही बचा पाए। बाद में घटना की सूचना गांव के लोगों को दी गई। गांव के लोगों ने भी उसकी काफी तलाश की। उसका पता नहीं चल पाया।

रविवार सुबह ग्राम प्रधान इंदु देवी ने घटना की जानकारी तहसील में दी। इसके बाद फिर रेस्क्यू चलाया। तब जाकर करीब सात किमी दूर गलीगांव के पास नदी के किनारे शव बरामद किया। राजस्व निरीक्षक राजेंद्रलाल वर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

शेयर करें !
posted on : June 20, 2021 5:21 pm
error: Content is protected !!