उत्तराखंड : शादी में भिड़े बराती-घराती, 4 के फटे सर, 14 घायल, दुल्हन ने तोड़ दी शादी

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में बरात में बारातियों और घरातियों के बीच जमकर लात-घूसे और लाठी डंडे चले। बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच डीजे बजाने और शादी की रस्म को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पांडाल में मारपीट होने लगी। लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान चार लोगों के सिर फट गए और दूल्हा सहित 14 लोग घायल हो गए। इससे गुस्साई दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। मामला पुलिस चौकी तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों में समझौते के बाद वर पक्ष बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गया।

जानकारी के अनुसार रविंद्रनगर निवासी एक महिला की बेटी का शुक्रवार की रात शादी होनी थी। किच्छा की पंत कालोनी निवासी दूल्हा 70 लोगों के साथ बरात लेकर रात करीब दस बजे रवींद्रनगर पहुंचा। लड़की पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया। रात में समय अधिक होने से डीजे बंद करने पर वर पक्ष के लोग नाराज हो गए और हंगामा काटने लगे। डीजे का मामला तो किसी तरह शांत हो गया। लेकिन, विवाह से पहले आयोजित रस्म में वर और लड़की पक्ष के बीच फिर विवाद हो गया।

मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और मारपीट हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लड़की पक्ष का आरोप है कि बरातियों ने मंडप तोड़ दिया। खाना और सारे बर्तन फेंक दिए। टेंट भी तहस नहस कर डाला। मारपीट में लड़की पक्ष के आशीष, कपिल, मिलन समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। वर पक्ष से दूल्हा शनी सागर, उसके भाई पवन, राकेश, मुकेश, रिक्की, बहन कविता, सुनीता, चचेरे भाई राजन, राजा, सुमित, प्रदीप और मौसेरा भाई दीपक को चोटें लगीं थी।

सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी अरविंद बहुगुणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। लेकिन दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद वर पक्ष बिना दुल्हन के बैरंग लौट गए।

 

शेयर करें !
posted on : April 21, 2024 10:21 am

One thought on “उत्तराखंड : शादी में भिड़े बराती-घराती, 4 के फटे सर, 14 घायल, दुल्हन ने तोड़ दी शादी

Comments are closed.

error: Content is protected !!