उत्तराखंड : महानायकों को सीएम धामी ने किया याद, अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी विश्व के महानतम राजनेताओं में से थे, उनके लिए राष्ट्रहित ही सर्वोपरि था।

वे अपनी दूरगामी सोच के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी वक्ता के रूप में अद्वितीय थे। उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली‘ का उनकी जंयती पर भावपूर्ण स्मरण किया है। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड की धरोहर है। उन्होंने देश की आजादी के आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारत की आजादी में ‘पेशावर कांड‘ मील का पत्थर साबित हुआ, जिसने भविष्य की क्रांति की आधारशिला रखी। उन्होंने निहत्थी जनता पर गोली न चला कर दुनिया को अपनी बहादुरी व देशभक्ति का संदेश दिया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की आजादी में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली तथा उनके साथियों ने अद्वितीय योगदान दिया।

पेशावर कांड के बाद महात्मा गांधी ने वीर चन्द्र सिंह को गढ़वाली नाम देकर सम्मानित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली‘ के बताये मार्ग का अनुकरण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शेयर करें !
posted on : December 24, 2021 8:26 pm
error: Content is protected !!