उत्तराखंड ब्रेकिंग: पहले हरक को पद से हटाए सरकार, फिर कराए CBI जांच

कोटद्वार: उत्तराखंड विकास पार्टी ने श्रम कर्मकार बोर्ड घपलों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी हो जाने तक हरक सिंह रावत को हटाने की भी मांग की है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने कहा कि हरक सिंह के रहते श्रम कर्मकार बोर्ड घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। इस मामले में घपले से इनकार अभी तक भाजपा के किसी भी नेता ने नहीं किया है और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और बोर्ड अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल के द्वारा लगाये गए आरोप स्वयं में घपले की पुष्टि करते हैं।

उन्होंने कहा कि इन आरोपों की गम्भीरता के कारण यह निश्चित है कि वर्तमान श्रम मंत्री के पद पर रहते इस घपले की निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। ऐसे में इस घपले की निष्पक्ष जांच के लिए श्रम मंत्री को हटा दिया जाना राज्य हित में बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि 75 करोड़ का सीधा हिसाब न मिलना और कागजों का जलाया जाना व आप पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रम विभाग की सायकिलों का वितरण का आरोप एफआईआर दर्ज करने के लिए पर्याप्त है।

उन्होंने सवाल किया कि अगर भाजपा निष्पक्ष है तो तुरंत श्रम मंत्री को हटाकर इस घपले की सीबीआई जांच कराये। उन्होंने हैंडपम्प घोटाले की जांच की भी फिर से मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि हैंडपम्प घोटाला भी मंत्री के दबाव में दबा हुआ है। इसकी निष्पक्ष जांच के लिए भी हरक सिंह को हटाया जाना जरूरी है।

शेयर करें !
posted on : June 24, 2021 1:33 pm
error: Content is protected !!