देहरादून: उप-नगर आयुक्त कोरोना पॉजिटिव, नगर निगम 02 दिनों के लिए बंद

देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई कार्यालयों में भी कोरोना लगातार पैर पसार रहा है। अधिकारियों से लेकर कर्मचारी तक सभी इस माहामारी की चपेट में आ रहे हैं। अब देहरादून नगर निगम में भी एक पखवाड़े के भीतर कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। यहां उप नगर आयुक्त कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं।

देहरादून नगर निगम बंद, होगा सैनिटाइज

अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नगर निगम कार्यालय को आज मंगलवार को बंद कर सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। नगर निगम को दो दिन के लिए जनसामान्य के लिये नगर निगम को बन्द किया गया है। वहीं अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव की सूचना से नगर निगम के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि इससे पहले भी एक सुपरवाइजर पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव पाया गया। तब भी कार्यालय को बंद करा दिया गया था। साथ ही सैनिटाइजेशन किया गया था।

संपर्क में आए अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को किया जा रहा चिहि्नत

उप नगर आयुक्त के संक्रमित होने के बाद उनके संपर्क में आए अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी चिहि्नत किया जा रहा है। संक्रमित के नजदीकी संपर्क में आए कार्मिकों की सूची तैयार की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते दिनों 15 अगस्त को भी यह संक्रमित अधिकारी झंडारोहण के दौरान शामिल रहे थे। साथ ही उप नगर आयुक्त हाल ही में कुमाऊं भी गए थे। माना जा रहा है कि वह वहीं से संक्रमित हो सकते हैं।

शेयर करें !
posted on : August 18, 2020 9:22 am
error: Content is protected !!