टिहरी : भद्रकाली पुलिस चौकी जनपद टिहरी गढ़वाल में इस वक्त टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जाने का एकमात्र प्रवेश द्वार बन गया है। यहां रोज सैकड़ों यात्री लॉकडाउन की परिस्थितियों में हताश और भूखे-प्यासे पैदल भी पहुंच जा रहे हैं। ऐसी ही स्थिति देशभर में कई जगहों पर बनी हुई है। कुछ जगहों पर लोग बेवजह पुलिस से उलझ रहे हैं, तो कुछ जगहों पर पुलिस बेवजह लोगों को पीट रही है।
लेकिन, इस सबके बीच कुछ ऐसा भी हो रहा है, जो लोगों के बीच पुलिस की छवि को उजला कर रहा है और लोग पुलिस के काम की तारीफ कर रहे हैं। टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जाने वालों के लिए एकमात्र विकल्प होने के कारण इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर जा रहे हैं। इसी मार्ग पर टिहरी पुलिस की भद्रकाली पुलिस चौकी भी पड़ती है। यहां आए दिन बड़ी संख्या में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम में बाहर से आने वाले लोगों के स्क्रीनिंग कर रही है।
इस पूरे मिशन के कमान खुद नरेंद्र नगर CO प्रमोद शाह संभाले हुए हैं और इस पूरे काम में उनकी पूरी टीम जुटी हुई है। पुलिस न केवल यहां लोगों को जागरूक कर रही हैं। बल्कि, भूखे-प्यासे अपने घरों को जा रहे लोगों के लिए है लंगर भी लगा रही है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोगों को भोजन कराया जा रहा है। कोई भी भूखा पुलिस के इस लंगर से बिना खाए नहीं जा सकता।
पुलिस की ऐसी तस्वीर पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा जगाती है। लेकिन, दूसरी तस्वीरें लोगों को डराती भी हैं। इस समय पुलिस को बल प्रयोग से ज्यादा लोगों को प्यार से समझाने की जरूरत है। हालांकि कुछ मामलों में सख्ती बरतनी भी बहुत जरूरी है। हमें और आपको पुलिस का सहयोग करना चाहिए। वह हमारे लिए सड़कों पर है और हम अपने घरों में मौज से हैं। सीओ प्रमोद शाह का कहना है कि हमारी कोशिश हर हाल उन्हें उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने की है। भूख के समाधान के लिए लंगर भी चलाया गया है।