अनिल बलूनी की नई पहल, कोरोना संकट से निपटने का तैयार होगा प्लान

दिल्ली : उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने एक नई पहल शुरू की है। वे उत्तराखंड के विशिष्ट लोगों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात करेंगे। कोरोना संकट से जुड़ीं समस्याओं पर चिंतन कर उसके समाधान के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

हाल ही में बलूनी ने पीएम केयर्स फंड में सहयोग देने के लिए एक श्रृंखला शुरू की थी, जिसमें उत्तराखंड के अनेक लोगों ने सहयोग किया था। अनेक सज्जनों ने दान की राशि सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया था। इसलिए केवल उनके नाम संसद बलूनी ने फेसबुक पोस्ट पर साझा किए थे।

आज सांसद बलूनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तराखंड के पद्म सम्मान प्राप्त प्रसिद्ध गीतकार पद्मश्री प्रसून जोशी, पर्यावरणविद पद्मभूषण अनिल जोशी, प्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सक पद्मश्री वैद्य बालेन्दु, लोकप्रिय जागरगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और प्रख्यात फोटोग्राफर पद्मश्री अनूप शाह से संवाद किया।

सांसद बलूनी ने कहा कि लॉकडाउन के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा ही संवाद संभव था, इसलिए उन्होंने यह क्रम प्रारंभ किया है। वह भविष्य में कृषि, बागवानी, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, सेवा एवं स्वरोजगार आदि क्षेत्रों के विशेषज्ञ से चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह इन सभी संवादों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। राज्य सरकार से संबंधित सुझाव राज्य सरकार को एवं भारत सरकार से संबंधित सुझाव भारत सरकार को प्रेषित करेंगे और जो विषय उनके स्तर के हैं। उसके लिए वे निजी स्तर पर समाधान का प्रयास करेंगे।

 

शेयर करें !
posted on : April 19, 2020 12:05 pm
error: Content is protected !!