उत्तराखंड पुलिस में ASI का नया पद सृजित के बाद पहली बार 1249 प्रमोशन, अगले हफ्ते 3000 कांस्टेबलों का होगा प्रमोशन

Uttarakhand News: उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों के लिए खुशखबरी है। उत्तराखंड पुलिस के 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक (ASI) बन गए हैं। उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिस कर्मियों को बधाई दी।

ग्रेड-पे की समस्या के समाधान के रूप में ASI का नया पद किया सृजित

डीजीपी ने कहा कि, पुलिस जवानों की ग्रेड-पे की समस्या का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री जी द्वारा अपर उपनिरीक्षक (Additional Sub-Inspector) का नया पद सृजित करते हुए 1750 पद स्वीकृत किये गये थे। इसके बाद विभागीय चयन समिति द्वारा प्रमोशन के लिए 1249 हेड कांस्टेबल उपयुक्त पाए गए, जिन्हें अपर उपनिरीक्षक (ASI) पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गयी है।

अब सभी कांस्टेबल कम से कम ASI के पद से होंगे सेवानिवृत्त

डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि, अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ा है। नए विवेचक मिलने से विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही सभी कांस्टेबल कम से कम अपर उपनिरीक्षक (ASI) के पद से सेवानिवृत्त होंगे।

Uttarakhand Police Promotions: इन्हें मिला प्रमोशन:

उत्तराखण्ड पुलिस की विभिन्न शाखा/इकाईयों से कुल 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक बने हैं।

नागरिक पुलिस पुरूष- 328,
नागरिक पुलिस महिला- 32,
अभिसूचना- 58,
सशस्त्र पुलिस- 377,
पी0ए0सी0- 422,
एम0टी0- 23,
आरमोरर- 07,
घुड़सवार- 02

ASI के 482 पद रिक्त, हफ्तेभर में 03 हजार कांस्टेबलों का होगा प्रमोशन

विभागीय कार्यवाही के चलते 19 कर्मियों का प्रमोशन रुका है। पदोन्नति हेतु हेड कांस्टेबल पद पर दो वर्ष की सेवा की आर्हता होने के कारण 482 हेड कांस्टेबल अपर उपनिरीक्षक (ASI) के पद हेतु आर्ह नहीं हो पाए, जिस कारण यह पद रिक्त रह गए हैं। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि, शासन से शिथिलीकरण लेकर इन पदों को भी भरने के प्रयास किये जाएंगे। वहीं अब एक सप्ताह में लगभग 3000 कांस्टेबलों की हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति कर दी जाएगी।

शेयर करें !
posted on : November 18, 2022 4:35 pm
<
error: Content is protected !!