उत्तराखंड रोजगार समाचार : 3253 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, शुरू कर दें तैयारी

देहरादून: टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इस भर्ती की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए शिक्षा विभाग ने चुनाव आयोग से अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद अब जल्द ही शिक्षा विभाग की ओर से आवेदन मांगे जा सकते हैं।

प्राथमिक विद्यालयों में 3253 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें 1,250 पद 2018, 2020 और 2021 की लंबित भर्ती के हैं। भर्ती के लिए बीएड डिग्री को अमान्य किए जाने के बाद अब इन पदों के लिए केवल डीएलएड वाले ही आवेदन कर पाएंगे। पहले 3099 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। तब शिक्षक भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता बीएड और डीएलएड को मान्य किया गया था, लेकिन बाद में शासन ने एनआईओएस से डीएलएड को भी मान्य कर दिया।

कुछ समय बाद शासन ने एनआईओएस से डीएलएड मान्य वाला आदेश रद्द कर दिया, जिससे भर्ती विवादों में उलझ गई। इसके बाद सरकार ने बीएड अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक के पदों पर भर्ती के लिए अमान्य कर दिया है। इसके लिए सेवा नियमावली 2012 में संशोधन किया गया है।

इस संशोधन से पहले डीएलएड के साथ ही कुछ बीएड अभ्यर्थी 1849 पदों पर भर्ती हो चुके हैं। विभाग की ओर से अब पूर्व के बचे हुए 1250 पदों के साथ ही वर्तमान में खाली 2033 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जानी हैं, जिसके लिए लंबे समय से तैयारी चल रही थी, लेकिन चुनाव के चलते भर्ती प्रक्रिया अटक गई।

शेयर करें !
posted on : May 28, 2024 10:26 am