उत्तराखंड : पानी लेने गई महिलाओं के पीछे दौड़ा गुलदार, किसी तरह बचाई जान

पौड़ी : पौड़ी जिले के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के पोखड़ा ब्लॉक के कई गांवों में इन दिनों गुलदार की दहशत साफ नजर आ रही है। गुलदार पिछले कुछ दिनों में कई लोगों पर हमला कर चुका है।

जान भी ले चुका है। वन विभाग के अधिकारी गुलदार को पकड़ने या मारने की कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। लोग कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

कांग्रेस प्रदेश सचिव युवा नेता कविंद्र इष्टवाल मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि लगातार विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जा रहा है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

पोखड़ा के घरतोली गांव में गुलदार की दहशत बरकरार है। सोमवार सुबह पानी लेने गई महिलाओं का गुलदार ने पीछा किया। महिलाओं ने किसी तरह भागकर जान बचाई। सूचना पर रेंज अधिकारी वन कर्मियों के साथ गांव पहुंचीं।

पोखड़ा विकासखंड में गडोली और घरतोली गांवों में दो लोगों पर हमला करने वाला गुलदार रविवार की रात पिंजरे में कैद नहीं हो पाया।

क्षेत्र में गुलदार के दोबारा नजर आने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। गुलदार ने 19 अगस्त को गडोली गांव में बकरी चुगा रहे सूरज सिंह नेगी (26) पर हमला कर दिया था।

गडोली गांव निवासी रतन सिंह ने बताया कि घरतोली गांव के प्राकृतिक जलस्रोत (पंदेरा) के आसपास गुलदार सक्रिय है। सोमवार सुबह आठ बजे घरतोली गांव की आठ-दस महिलाएं पानी लेने के लिए पंदेरा गईं थी।

वहां, गुलदार ने महिलाओं का पीछा किया। लोग अब जंगल और खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं। घटना के बाद से देवराजखाल-जयखाल मार्ग पर भी दोपहिया वाहन चालक अकेले आवाजाही करने में घबरा रहे हैं।

दमदेवल की रेंजर सुचि चौहान ने बताया कि गडोली और घरतोली गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक कर गुलदार के बारे में जानकारी ली गई है। ग्रामीणों को आवश्यक हिदायत भी दी गई है। गुलदार को पकड़ने के लिए घिरतोली और गडोली गांव में पिंजरा लगाया गया है।

गुलदार ने शनिवार शाम को भी पोखड़ा ब्लॉक के घरतोली गांव में घर के आंगन में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था। महिला के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया।

गनीमत रही कि महिला को चोटें नहीं आईं। घटना के बाद से लोगों में दहशत है। राजस्व उपनिरीक्षक किमगडीगाड़ दिनेश डोबरियाल ने बताया कि शनिवार शाम को करीब साढ़े सात बजे ग्राम घरतोली निवासी रचना देवी  किसी काम से रसोई से आंगन में पहुंची।

इस दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। महिला और आसपास मौजूद ग्रामीणों के चिल्लाने पर गुलदार भाग गया। क्षेत्र में गुलदार कई लोगों पर हमला कर चुका है, जिससे लोगों में भर का माहौल है।

शेयर करें !
posted on : August 24, 2021 7:28 am
error: Content is protected !!