उत्तराखंड : गहरी खाई में गिरी बारातियों से भरी बस, तीन की मौत, दूल्हा-दुल्हन समेत कई घायल

पौड़ी: बारातियों की एक बस दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। पौड़ी गढ़वाल से दुल्हन को लेकर गाजियाबाद लौट रही बारातियों की बस खाई में गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है, इनमे से कुछ घायलों की की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नंदग्राम गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से संजय नामक युवक की बारात गुरुवार को पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र के अदालीखाल के पाल्सी गांव में पहुंची थी। बस में चालक सहित 21 बाराती शामिल थे। शुक्रवार को यह बारात दुल्हन को लेकर वापस गाजियाबाद जा रही थी। इसी बीच शंकरपुर चौकी चेकपोस्ट (पौड़ी गढ़वाल) से करीब एक किमी दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस यूपी 14 जेटी 5234 का चालक अशोक निवासी गाजियाबाद नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में गिर गई।

हादसे से बस में सवार बारातियों में चीख-पुकार मच गई। बस में दूल्हा-दुल्हन भी सवार थे। सल्ट पुलिस व आइटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे। तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल लोगों को आनन-फानन में 108 की मदद से रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल शारदा देवी पत्नी वाश्वानंद भारद्वाज निवासी बी-377 लाजपत नगर साहिबाबाद गाजियाबाद (उप्र) ने दम तोड़ दिया। यह लड़के की बुआ बताई जा रहीं। वहीं राकेश शर्मा (दूल्हे का भाई) पुत्र किशोर शर्मा सल्ट व सरिता पत्नी रमेश नलाईगांव की रामनगर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

दुर्घटना में दूल्हा संजय और दुल्हन रेनू के अलावा सवार सभी लोग घायल हो गए। जिनका रामनगर के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि बस में दुल्हन के दो भाई भी सवार थे, वह भी घायल हो गए। घायलों को पुलिस व आइटीबीपी जवानों की मदद से राजकीय चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया।

घायलों में अंशुल पुत्र दिनेश चंद्र निवासी ललपा तल्ला, संजय शर्मा व विजय शर्मा पुत्र आनंद बल्लभ शर्मा व उसकी मां मधु शर्मा तथा सुमन पत्नी समय शर्मा अमिथा गांव, दर्शनी पत्नी किशोर चंद्र शर्मा, रेनू ध्यानी पत्नी विनोद ध्यानी पौड़ी गढ़वाल, गीतिका देवी धौलेना, अमन शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा, प्रकाश व प्रमोद भारद्वाज पुत्र बाश्वानंद भारद्वाज झडग़ांव, मुकेश तिवाड़ी पुत्र मथुरादत्त तिवाड़ी वलमरा तामाढौन, विनोद ध्यानी पुत्र आनंद ध्यानी सतोटिया वीरूखाल, आनंद ध्यानी पुत्र रामचरण ध्यानी ढंगलगांव खालीडोडा पौड़ी, महेंद्र पुत्र दीप चंद्र राजस्थान और प्रमोद पांशरी पुत्र कुशाल माठी शामिल हैं।

शेयर करें !
posted on : January 21, 2022 8:18 pm
error: Content is protected !!