ये बहुरानी तो तूफानी निकलीं…

हम तो तारीफ करते नहीं थकते थे। ब्याह होने से पहले…मंत्री जी की बहुरानी की…। खैर हमारे लिये तो अच्छी बात ये है कि तब तक वो बहुरानी बनी नहीं थी…। अब जो सुन रहे हैं…उनके बारे में, उस पर कान भी भरोसा नहीं कर रहे। पर जो सच है उसे झुठला भी तो नहीं सकते। अब बहू मंत्री जी की हैं…तो गजब तो ढहाएंगी ही…। वैसे भी मंत्री जी किसी से कम थोड़े ही हैं…। वो अकेले ही कइयों पर भारी हैं…। उनको दादा जी का बचन जो निभाने हैं। मंत्री जी खुद कहते हैं…। ऐसा हमने सुना है। पक्का पता नहीं हैं…!

हैंडपंप…सनी देओल ने पाकिस्तान में उखाड़ पेंका था। फिल्म गदर का सीन तो आपको याद होगा ही। अरे भइया घबराइये नहीं। मंत्री जी की बहुरानी ने कोई हैंडपंप नहीं उखाड़ा, पर जो माजरा है…वो है तो हैंडपंप से ही जुड़ा हुआ। बहुरानी ने तो सनी देओल से भी ज्यादा कमाल किया है। मंत्री जी की बहुरानी ने लोगों के गले ही सुखा डाले…। हां-भई-हां। आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे हो सकता है…? हुआ है तभी तो कह रहे हैं।

लो अब कहानी बता ही देते हैं…। क्या है कि गांव में बहुरानी ने हैंडपंप का पानी कब्जा लिया…वो भी मोटर लगाकर। बेचारे गांव वाले कर भी क्या सकते हैं। आखिर बहुरानी किसकी हैं…मंत्री जी की…। मंत्री भी कोई ऐसे-वैसे नहीं…प्रकांड कांडी मंत्री जी हैं। कई कांड दर्ज हैं…उनके नाम। इतिहास पुरुष हैं। फिर भटग गए…। बताना था बहुरानी के बारे में देने लगे मंत्री जी का परिचय…। खैर बहुरानी ने जैसे ही मोटर लगाई पूरे गांव का पानी गायब…।

बचारे गांव वाले प्रजातंत्र में भरोसा करते हैं…तो सोचा कि मंत्री जी के खिलाफ नारे लगा देते हैं। गलती ये हुई कि मामला कोरोना काल का है…। ये काल बड़ा संकट वाला है। बेचारे पहले ही पानी के संकट से जूझ रहे थे। अब मुकदमों का भी संकट उन पर और लद गया। पानी मांगने के लिए धरना दिया…तो पुलिस बाबू ने एक मुखिया समेत बेचारे कई गांव वालों को लपेटे में ले लिया…। मंत्री जी की बहू जहां थी…वहीं हैं। आखिर मंत्री जी की बहू तो ठैरी…।

 

…प्रदीप रावत (रवांल्टा)

शेयर करें !
posted on : May 2, 2020 2:09 am
<
error: Content is protected !!