UP में मंत्री-विधायकों के इस्तीफों से सियासी तूफान, क्या उत्तराखंड में भी होगा असर!

मेरी बात
2022 के विधानसभा चुनाव की तारीखों को ऐलान हो चुका है।चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। दलबदल का खेल भी जोर पकड़ने लगा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। योगी सरकार में श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।

यूपी के छह और विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया है। यूपी की राजनीति का उत्तराखंड में भी असर अक्सर नजर आ ही जाता है। अब राजनीतिक गलियरों में चर्चाएं चल रही हैं कि क्या उत्तराखंड में भी कुछ बड़ा होने वाला है? जैसे-जैसे टिकट बंटवारा शुरू होगा। यहां भी हलचल नजर आने लगेगी।

स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के पीछे टिकट के बंटवारे को वजह माना जा रहा है। उत्तराखंड में भी भाजपा और दूसरे राजनीति दल टिकट बंटवारे का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार से एक टिकट के फॉर्मूले पर टिकट देगी।

यही वो फॉर्मूला है, जिसको लेकर हरक सिंह रावत पहले ही अपने सियासी तीर छोड़ चुके हैं। बंशीधर भगत भी अपने बेटे के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे थे। भाजपा इससे पहले मुन्ना सिंह चौहान और उनकी पत्नी वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान को टिकट दे चुकी है। यशपाल आर्य भले ही अब भाजपा में ना हों, लेकिन भाजपा में रहते पिता-पुत्र दोनों को टिकट दिया गया था।

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों के सामने टिकट बंटवारे के बाद उठने वाले सियासी तूफान को थामना थोड़ा मुश्किल होगा। दोनों ही दलों की हार-जीत में भी टिकट बंटवारे के बाद होने वाली बगावत का असर नजर आ सकता है। हालांकि, यह भी साफ है कि ना तो भाजपा के पास ज्यादा वैकेंसी है और ना ही कांग्रेस दूसरे दलों से आने वालों को इस बार टिकट देने के मूड में नजर आ रही है।

दोनों दलों का फोकस जीतने वाले सेनापति पर ही दांव लगाने पर है। कोई भी दल कमजोर खिलाड़ी को सियासी समर में नहीं उतारना चाहता। भाजपा सत्ता में दोबारा आने की जुगत में जुटी है तो कांग्रेस हर हाल में सत्ता को फिर से हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाए हुए है। फिलहाल टिकट बंटवारे का इंतजार करना होगा। चार-पांच दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी कि टिकट बंटवारे के बाद सियासी तूफान उठता है या फिर शांति बनी रहती है।

                                                                                                                              –प्रदीप रावत (रवांल्टा)

शेयर करें !
posted on : January 11, 2022 4:07 pm
error: Content is protected !!