बड़ी खबर : नहीं चली हरक की हनक, BJP ने दिखाया बाहर का रास्ता, कैबिनेट से बर्खास्त

देहरादून: कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की हनक इस बार नहीं चली। BJP ने हरक पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी से उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही मंत्रिमंडल से भी हरक सिंह रावत को बर्खास्त कर दिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के हवाले से पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि, अनुशासनहीनता के कारण डॉ हरक सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया। उन्होंने कहा कि, पार्टी में अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हरक सिंह रावत तीन दिन में दूसरी बार आज दिल्ली रवाना हुए। उनके दिल्ली जाने से सियासी तापमान अचानक गरमा गया। हरक सिंह अपने साथ ही बहू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट का दबाव बना रहे थे। चर्चा है कि मनमाफिक मुराद पूरी न होने पर वे BJP को बड़ा झटका भी दे सकते हैं। हालांकि इससे पहले ही भाजपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया।

इससे पहले हरक सिंह रावत BJP की कोर ग्रुप की मीटिंग में भी नहीं पहुंचे थे। कोर ग्रुप का सदस्य होने के बावजूद भी हरक सिंह मीटिंग में नहीं आए थे। जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही है कि हरक सिंह नाराज हैं। इसे उनके दबाव बनाने की राजनीति का हिस्सा माना जा रहा था।

उनसे जुड़े लोगों की माने तो वे कांग्रेस के भी संपर्क में हैं। कांग्रेस का एक बड़ा गुट हरक की कांग्रेसी में वापसी को लेकर लंबे समय से लगा हुआ है। हरक सिंह की पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह से हुई लगातार कई मुलाकातों को इसी से जोड़कर देखा जा रहा था। हरक BJP पर लगातार दबाव बनाए हुए थे। उनकी पहली प्राथमिकता अपने लिए केदारनाथ और बहू के लिए लैंसडोन है।

हरक सिंह, लैंसडाउन से अपनी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट की पैरवी कर रहे हैं, मगर लैंसडाउन से विधायक दिलीप रावत इसके विरोध में हैं। साथ ही BJP संगठन भी हरक से नाराज है। कहा जा रहा है इसी को देखते निष्कासन का बड़ा फैसला लिया गया है।

माना जा रहा है कि आज दिल्ली में हरक सिंह और उनकी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं कांग्रेस का दामन थाम सकती हैं। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि हरक सिंह रावत के साथ ही कुछ दूसरे विधायक भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

शेयर करें !
posted on : January 17, 2022 7:25 am
<
error: Content is protected !!