उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव में विधायकों की लगेगी लॉटरी, BJP की नई रणनीति!

  • प्रदीप रावत रवांल्टा

देहरादून: BJP लोकसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है। मध्य प्रदेश में BJP ने बड़े नेताओं को मैदान में उतारकर सबको चौंका दिया। माना जा रहा है कि BJP की यह नई रणनीति है। इसी रणनीति के तहत BJP पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में उतरी है। माना जा रहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ ही यह रणनीति 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी आजमा सकती है।

उत्तराखंड BJP में भी 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीतियों पर लगातार चर्चा हो रही है। BJP में अभी से नेता लोकसभा चुनाव के लिए लॉबिंग करते नजर आ रहे हैं। जहां अल्मोड़ा सीट से कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य सक्रिय नजर आ रही हैं। वहीं, टिहरी लोकसभा सीट से कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपना दावा पेश करते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने बाकायदा पार्टी को बता भी दिया है कि वो टिहरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। पौड़ी गढ़वाल सीट पर BJP के कई नेता दावा पेश कर रहे हैं। हरिद्वार में इन दिनों वर्तमान सांसद रमेश पोखिरियाल निशंक तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, स्वामी यतीश्वरानंद भी अपने तौर पर तैयारियों में जुटे हैं।

इधर, पूर्व CM त्रिवेंद्र सिंह रावत भी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। CM की कुर्सी जाने के बाद से ही त्रिवेंद्र किसी ने किसी बहाने खबरों में बने रहने की जुगत में जुटे हैं।

हाल ही में उन्होंने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि त्रिवेंद्र पौड़ी गढ़वाल के साथ ही हरिद्वार सीट पर भी नजर रखे हुए हैं। उनको जहां भी मौका मिलेगा, वो चुनावी मैदान में ताल ठोकने के लिए तैयार हैं।

हालांकि, BJP प्रत्येक राज्य को लेकर अलग रणनीति पर काम कर रही है। लेकिन, लोकसभा चुनाव में भी BJP इस फॉर्मूले को अपना सकती है। अगर BJP ने इस पर काम किया और लोकसभा चुनाव में भी लागू किया तो उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों में भी BJP विधायकों को मैदान में उतार सकती है।

ऐसे में BJP विधायक भी लोकसभा में पहुंचने के सपने संजोने लग हैं और तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि, BJP चुनाव के समय किसी रणनीति के साथ मैदान में उतरती है, उसके लिए लंबा इंतजार करना होगा।

शेयर करें !
posted on : October 8, 2023 9:51 am
error: Content is protected !!