उत्तराखंड : ओवरलोडिंग ने ली 11 जानें, मैक्स में करीब 20 लोग थे सवार!

चमोली: उर्गम घाटी में निर्माणाधीन उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर शुक्रवार को पल्ला गांव के समीप मैक्स करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार 21 लोगों में 11 की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए।

एक व्यक्ति हादसे से ऐन पहले उतर गया था जबकि मैक्स की छत में बैठे दो मजदूर और दो स्थानीय लोग खाई में गिरने से पहले कूद गए जिससे उनकी जान बच गई।

दोपहर एक मैक्स जोशीमठ से सवारियों को लेकर किमाणा गांव जा रही थी। करीब 3:30 बजे पल्ला गांव के समीप खड़ी चढ़ाई पर मैक्स आगे नहीं बढ़ पाई। पीछे सरकते देख उस पर सवार किमाणा गांव का जीतपाल सिंह एक अन्य के साथ उतरा और टायर में पत्थर अड़ाने लगा।

बताते हैं कि वाहन ओवर लोड होने के कारण पत्थर पार कर गया और तेजी से नीचे आने लगा। इस दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कुछ ही पलों में मैक्स 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

वाहन के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाया। देर शाम तक 12 लोगों के शव निकाले जा चुके थे। चार घायलों को भी निकाला गया जिन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्गम लाया गया है।

SDRF, NDRF की टीमों के साथ ही स्थानीय लोग देर रात तक बचाव अभियान में जुटे रहे। सूचना पर DM हिमांशु खुराना और एसपी प्रमेंद्र डोबाल भी पहुंचे।

शेयर करें !
posted on : November 18, 2022 8:07 pm
error: Content is protected !!